नाम में क्या रखा है
नाम में क्या रखा है
बहुत मशहूर जुमला है। और एक फिल्म का डायलॉग भी है, नाम में क्या रखा है सेठ काम बोलो काम। लेकिन मैं कहता हूँ नाम में बहुत कुछ रखा है।नाम से संबंधित एक वाकिआ आपको एक संगीतकार का सुनाता हूँ।
इन से मिलिए यह हैं जाने माने संगीतकार रवि। नई पीढ़ी शायद इनको नहीं जानती इनके गानों को जरूर जानती होगी। शादी विवाह तो इनके गानों के बगैर मुकम्मल हो ही नहीं सकता, लड़के की शादी हो तो इनके ही गीत बजते हैं, 'आज मेरे यार की शादी है "और लड़की की शादी होतो, बाबुल की दुआएं लेती जा जा तुझको सुखी संसार मिले।
मैं ने इनसे इंटरव्यू में पूछा था कि आप जब फिल्मों में आए थे तो संगीतकार के नाम बड़े बड़े होते थे जैसे हुस्न लाल भगतराम, शंकर जयकिशन, सचिन देव बर्मन, कल्याण जी आनंद जी वगैरह आप का नाम इतना छोटा क्यों। इस पर उन्होंने कहा कि मेरा नाम भी बहुत बड़ा था इतना बड़ा कि कास्टिंग में पर्दे से बाहर जा रहा था तो नाम के अंतिम हिस्से को काटना पड़ा तब पर्दे पर आया। उसका किस्सा यूं है कि मैं संगीतकार हेमंत कुमार का असिस्टेंट था जब फिल्म नागिन बनी तो उसमें मैं ने बीन बजायी थी। पर्दे पर संगीतकार हेमंत कुमार के सहायक के तौर पर मेरा नाम लिखा गया पंडित रविशंकर शर्मा। कास्टिंग वाले ने कहा इनका नाम तो पर्दे के बाहर जा रहा है इसलिए नाम के आखिरी हिस्से शर्मा को काट दिया गया और मेरा नाम हो गया पंडित रविशंकर। जब फिल्म नागिन रीलिज हुई तो फिल्म की बड़ी चर्चा हुई खास तौर पर बीन की आवाज वाला गीत, तन डोले मेरा मन मेरे दिल का गया करार रे का। एक दिन प्रसिद्ध सितार वादक पंडित रविशंकर जी का फोन आया, मैं रवि शंकर बोल रहा हूँ जब से फिल्म नागिन रिलीज हुई है तब से मुझे लोगों के बराबर फोन आ रहे हैं कि क्या आप संगीतकार हेमंत कुमार के सहायक बन गये हैं मैंने पूछा कि क्या बात है किसने कहा? तो लोगों ने बताया कि फिल्म नागिन की कास्टिंग जो दिखलाई जाती है उसमें हेमंत कुमार के सहायक के रूप में आप का नाम पंडित रविशंकर लिखा हुआ आता है। मैं लोगों को जवाब देते देते थक गया हूँ कि वह पंडित रविशंकर कोई और हैं मैं नहीं हूँ। इसलिए ऐसा कीजिए कि हम अपना नाम बदल लेते हैं या आप अपना नाम बदल लीजिए। इस पर मैंने कहा आप प्रसिद्ध सितार वादक हैं आप अपना नाम क्यों बदलिएगा मैं ही अपना नाम बदल लेता हूँ।। और इस तरह मैंने पंडित और शंकर को को भी हटा दिया और छोटा सा नाम सिर्फ रवि रखा। अफसोस अब रवि साहब इस दुनिया में नहीं हैं मगर उनके गीत उनके होने का एहसास दिलाते हैं। किसी बात पर कहकहे लगाते हुए संगीतकार रवि साहब और आप का दोस्त सदरे आलम गौहर


Comments
Post a Comment